करेली में कार सवार युवकों ने दिन दहाड़े किया युवक का अपहरण।
- फोटो : अमर उजाला।
करेली थाना क्षेत्र के जीटीबी नगर में कार सवार पांच हमलावरों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। बिना नंबर प्लेट की कार में जबरन बैठाकर तमंचा के बट और डंडे से कई घंटे बेरहमी से पीटते रहे। ट्रिपलआईटी के पास पीड़ित को फेंककर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। करेली पुलिस ने उमर, सैफ समेत तीन अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तुलसीपुर निवासी शाऊ पिंग छाय ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह भाई की मोमोज की दुकान पर रहने के साथ ही पढ़ाई करता है। वह सोमवार की शाम किसी काम से घर से निकला था। शाम करीब 5:10 बजे करेली के जीटीबी नगर स्थित पुरानी पानी टंकी के पास पहुंचा। तभी अचानक बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार आकर रुकी।
कार में से सैफ, उमर समेत तीन अज्ञात युवक नीचे उतरे और जबरन उसे अंदर बिठा लिया। पिस्टल की बट व लाठी से उसकी पिटाई की। इससे उसके सिर, हाथ समेत अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आईं हैं। आरोप है कि सैफ व उमर नाम के युवक ने दांत भी काटा। कार में मारपीट करते हुए आरोपी करेली से उसे उमरी गांव तक ले गए। शिकायत में बताया कि आठ फरवरी को उक्त लोगों ने पानी टंकी चौराहा के पास रास्ते देने को लेकर को लेकर विवाद हुआ था। इसी की रंजिश में आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है।
आरोप है कि उक्त लोगों ने धमकी दी कि अगर शिकायत करोगे तो तुम्हें और तुम्हारे दोस्तों को फिर मारूंगा। पिटाई के बाद आरोपी ट्रिपलआईटी के पास छोड़कर भाग गए। एसीपी अतरसुइया राजकुमार मीणा ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने माजिद पुत्र मकबूल निवासी भीटी को गिरफ्तर कर लिया। अन्य आरोपियों को तलाश की जा रही है।