आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) को जीत दिलाने वाले प्रयागराज के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल शुक्रवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। करबला स्थित घर पर प्रशंसक पहुंचे तो यश के पिता चंद्रपाल ने बताया कि वह निजी कारणों से दिल्ली गया है। वहां से लौटते ही उसकी आपसे मुलाकात कराऊंगा। देर शाम तक यश के घर पर लोग पहुंचते रहे।
शहर आने पर बृहस्पतिवार को यश दयाल का जोरदार स्वागत किया गया था। महीनों बाद घर लौटे यश का मां राधा दयाल ने आरती उतारकर अभिनंदन किया था। रिश्तेदार, दोस्त और प्रशंसक देर शाम तक उनके घर पहुंचते रहे। प्रयागराज एयरपोर्ट पर परिजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ यश का स्वागत किया था।
काफी दिन बाद घर पहुंचने पर यश ने कहा था कि घर की नींद और मां के हाथ का खाना दुनिया में कहीं नहीं मिलता। मां के बनाए स्वादिष्ट खाने का लुत्फ लेते हुए यश ने परिजनों और दोस्तों से मुलाकात की थी। उन्होंने आईपीएल के रोमांचक अनुभव भी साझा किए।
अंकल प्लीज... यश भैया से मिलवा दीजिए
शुक्रवार को शहर के नन्हें खिलाड़ी भी यश से मिलने पहुंच गए। यश के पिता से उन्होंने कहा कि अंकल प्लीज...यश भैया से मिलवा दीजिए। इस पर यश के पिता ने कहा कि बेटा परेशान मत हो...यश भैया आएंगे तो मैं खुद कह दूंगा की आपसे पहले मिल लें।