केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। यहां महिलाओं की भागीदारी बहुत कम है। इस पर राष्ट्रपति भी चिंता जता चुकी हैं।
प्रयाग संगीत समिति में सोमवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में आईं अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अदालतों में लंबित केसों की संख्या बहुत ज्यादा है। ऐसे में महिलाओं को आरक्षण देकर उनकी भागीदारी बढ़ाई जाए। कई क्षेत्रों में महिलाओं की हिस्सेदारी बेहद कम है, जिसे बढ़ाना चाहिए। सभागार में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं को उन्होंने शीश झुकाकर प्रणाम भी किया।
विधायक वाचस्पति और पूर्व विधायक जमुना प्रसाद सरोज ने फूलपुर सीट पार्टी को दिए जाने की मांग उठाई। कहा, पार्टी के बूते ही भाजपा यहां जीतती आई है। अब इसे अपना दल को देना चाहिए। हालांकि, इस मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने सीधे कुछ न कहते हुए एनडीए के उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।
इनसेट
69 हजार शिक्षक भर्ती में ओबीसी के साथ हुआ अन्याय
पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को लेकर अनुप्रिया पटेल यहां भी मुखर रहीं। कहा, 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। यह बात राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और हाईकोर्ट ने भी मानी है कि भर्ती में आरक्षण के नियमों की अवहेलना हुई है। प्रदेश सरकार को इस मामले में त्वरित कदम उठाना चाहिए। कहा, अपना दल का स्टैंड साफ है, जातीय जनगणना होनी चाहिए।