दीपावली शिल्प मेले की शाम उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो उठी, जब दृष्टिबाधित बुंदेली लोकगायक सुनील लोधी ने अपने भजनों से मंच संभाला। उनके पहुंचते ही पूरा परिसर ‘जय बजरंग बली’ के जयकारों से गूंज उठा। पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।
जैसे ही सुनील लोधी ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ का चर्चित भजन ‘मैने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सुनाया, पूरा पंडाल सुर और ताल के साथ झूम उठा। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित दीपावली शिल्प मेले का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी व विचारक मनोज, भारतीय रेल कार्मिक सेवा के उप महाप्रबंधक अतुल मिश्र, उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय और सलाहकार कल्पना सहाय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंच पर पहुंचते ही सुनील लोधी ने बड़े हनुमान जी को प्रणाम किया और भजनों की शुरुआत की। उन्होंने ‘दरस दे दो रघुनंदन, आ गए आ गए तुम्हारे दरबार’, ‘मेरे भोले जी कर दो नजर’, ‘ओ मोरे संकट के कटइया हनुमान’ और ‘हमारे संकट काटो प्रभु’ जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आभा मधुर ने किया।
बिरहा और भरतनाट्यम ने बांधा समा
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज अच्छे लाल व दल के बिरहा गायन से हुआ। कलाकारों ने लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी की गाथा सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद उर्वशी जेटली ने भावपूर्ण भरतनाट्यम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हरियाणवी बीन ने भी खींचा ध्यान
मैदानी कलाकारों की प्रस्तुतियों में हरियाणा के पानीपत से आए हरपाल नाथ ने पारंपरिक बीन वादन से खूब रंग जमाया। बीन की मधुर धुनों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, लोकसंगीत और शास्त्रीय नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिला।