अल्लापुर, सोहबतियाबाग, अलोपीबाग समेत करीब एक दर्जन मोहल्लों के हजारों घरों में शनिवार को जलापूर्ति बाधित रही। मेन पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इसकी वजह से दोनों वक्त पानी नहीं आया। ट्यूबवेल चालू किए गए लेकिन समस्या बनी हुई थी। देर रात तक फाल्ट खोजा जा रहा था। ऐसे में रविवार को ही राहत की उम्मीद है।
सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान सोहबतियाबाग में पाइपलाइन फट गई। इसकी वजह से अल्लापुर, सोहबतियाबाग के मधवापुर, संजय नगर, सर्वोदय नगर, शिवनगर, तुलसी पार्क आदि क्षेत्रों में सुबह पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। लोगों की शिकायत के बाद फाल्ट ठीक करने की कवायद शुरू की गई। इसकी वजह से क्षेत्र के सभी ट्यूबवेल भी बंद करा दिए गए। इसकी वजह से शाम को तो जलापूर्ति पूरी तरह से बाधित रही।
देर रात तक जलकल के अफसर डटे रहे फाल्ट की तलाश जारी रही। देर शाम ट्यूबवेल चलाकर दूसरी लाइन से जलापूर्ति की कोशिश की गई लेकिन समस्या बनी रही। जलकल के महाप्रबंधक कुमार गौरव का कहना है कि क्षेत्र में दो लाइनें हैं। दूसरी लाइन से जलापूर्ति की गई। जल्द ही फाल्ट ठीक कर लिया जाएगा।
ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर खराब होने से बढ़ी परेशानी
तुलसी पार्क स्थित ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर भी शनिवार को खराब हो गया। इसके अलावा अल्लापुर में भी पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इससे इन क्षेत्रों के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। हालांकि, शाम तक तुलसी पार्क का ट्रांसफार्मर ठीक कर लिया गया। वहीं अल्लापुर में लीकेज ढूंढ लिया गया है। रविवार सुबह तक उसके ठीक हाेने की उम्मीद है।