मऊआइमा-वर्दी मिलने पर प्रफुल्लित चौकीदार
थाना परिसर में मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने करीब 40 चौकीदारों को जूता, धोती, साफा, वर्दी और स्वेटर वितरित किया। हालांकि, सामग्री मिलने के बाद भी ग्राम प्रहरियों में मानदेय को लेकर नाराजगी दिखी। शासन ने उनका मानदेय ढाई हजार रुपये से बढ़ाकर साढ़े तीन हजार रुपये प्रतिमाह किया है। चौकीदारों ने इसे नाकाफी बताया और मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। उनका कहना है कि महंगाई के दौर में इतने कम मानदेय से परिवार चलाना मुश्किल है। ग्राम प्रहरियों ने अपने परिजनों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा दिए जाने का स्वागत किया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि उपलब्ध सामग्री वितरित कर दी गई है।