फूलपुर के बौड़ई लंका गांव में धरासाई हुआ चौकीदार का मकान।
कोतवाली क्षेत्र के बौड़ई लंका गांव निवासी चौकीदार राम सिंह पासी का कच्चा मकान दो दिन पहले हुई हल्की बारिश में ढह गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, पर परिवार बेघर हो गया। पीड़ित परिवार अब अस्थायी छप्पर डालकर गुजारा कर रहा है। राम सिंह पासी वर्षों से थाना क्षेत्र में चौकीदार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बावजूद तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। हल्का लेखपाल और कानूनगो ने भी घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। कांग्रेस के जिला महासचिव अनुपम कृष्ण द्विवेदी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वह उच्च अधिकारियों से बात कर आर्थिक सहायता दिलाएंगे। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल सर्वे और सहायता की मांग की है।