प्रयागराज। रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र ने भले ही 1 जून से विभिन्न शहरों के लिए बस सेवा शुरू कर दी हो लेकिन रोडवेज के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है। यात्री न मिलने से रोडवेज की अधिकांश बसें 10 से 15 यात्रियों को लेकर ही दौड़ रही हैं । इससे रोडवेज प्रशासन को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस बीच यात्री ना मिलने की वजह से रोडवेज की प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली वॉल्वो सेवा भी बंद हो गई है ।
प्रयागराज से लखनऊ के लिए प्रतिदिन छह वोल्वो चल रही थीं, लेकिन यात्री न मिलने से यह सेवा बीते 2 दिन से बंद चल रही है। हालांकि रोडवेज द्वारा जनरथ बसों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन उसका भी लोड फैक्टर 30 से 40 फ़ीसदी ही है। इस वजह से रोडवेज ने जनरथ बसों की भी संख्या कम कर दी है। उधर सामान्य सेवा की बात करें तो प्रयागराज से गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर ,फैजाबाद ,प्रतापगढ़, सुल्तानपुर ,आजमगढ़, हल्द्वानी, आगरा, मिर्जापुर, बलिया, गाजीपुर आदि शहरों के लिए बस से तो चलाई जा रही है लेकिन इन बसों का भी लोड फैक्टर से 20 से 30 फ़ीसदी है। ए आर एम सिविल लाइंस डिपो सीबी राम ने बताया कि बीते 2 दिन से वॉल्वो बस लखनऊ से प्रयागराज के बीच नहीं चल रही है। साथ ही बीते 8 दिनों से रोडवेज बस स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की संख्या भी बेहद कम है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि तमाम बसें स्टेशन तो आ रहीं हैं , लेकिन यात्री नहीं मिलने से उन्हें वापस वर्कशॉप भेज दिया जाता है। वर्तमान में 20 से 30 फीसदी ही लोड फैक्टर है।