मंसूराबाद: दुर्घटना का इंतजार कर रहा लाई गांव से गुजरे गहरे नाले का क्षतिग्रस्त पुल।
लाई गांव में नाले पर बना पुल वर्षों से क्षतिग्रस्त है। करीब 30 फीट चौड़े और गहरे नाले में वर्षभर पानी बहता है। इसमें बारिश के पानी के साथ शारदा सहायक नहर का अतिरिक्त पानी भी छोड़ा जाता है, जो गंगा में मिलता है। मरम्मत न होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पुल पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। महताब हुसैन, शंकर लाल और कोटेदार अमरनाथ यादव ने बताया कि बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी राशन लेने इसी रास्ते से गुजरते हैं। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल मरम्मत की मांग की है।