लॉक डाउन के चलते शहर की सब्जी मंडियों में एक बार फिर सब्जियों के दाम में खासा उछाल देखने को मिला है। टमाटर का भाव एक सप्ताह में ही 40 से बढ़कर 80 रुपये किलो तक हो गया है। यही हाल अन्य हरी सब्जियों का भी है। पिछले सप्ताह 80 रुपये में 5 किलो मिलने वाला आलू अब 150 रुपये में मिल रहा है। सब्जी विक्रेताओं की इस मनमानी से आम आदमी खासा परेशान है। मुंडेरा मंडी के आढ़तियों का कहना है बुधवार को शहर की सीमाओं में ट्रक रोक लिए जाने से दिक्कत हुई थी लेकिन, बृहस्पतिवार को मंडी में सब्जी वाले वाहन काफी आए। मंडी में अभी सब्जियों के दाम में नहीं बढे़ हैं। हरी मिर्च ,प्याज ,आलू एवं सब्जियों का मंडी में स्टॉक काफी है। इस बीच शहर की फुटकर मंडियों में बृहस्पतिवार को भिंडी 80 किलो, गोभी प्रति नग 30 से 50, परवल ,टमाटर 80-80 रुपये प्रति किलो एवं कद्दू 50 रुपये किलो तक बिका। सोहबतिया बाग के अभिषेक मिश्रा ने बताया कि एक दिन की सब्जी का खर्च 200 तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन महंगी सब्जी बेचने वालों पर कार्रवाई करे। इसी तरह सिविल लाइंस के प्रशांत वत्स ने कहा एजी ऑफिस सब्जी मंडी पर सब्जियां बहुत महंगी बिक रही हैं। यहां कुछ सब्जी विक्रेताओं ने 10 रुपये का एक ही नीबू दिया।