कोहरे की वजह से सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। पिछले माह शुरू हुई वंदे भारत लगातार विलंब से चल रही है। बुधवार की रात 9.10 बजे आने वाली वंदे भारत बृहस्पतिवार की सुबह चार बजे आई। इसी तरह बृहस्पतिवार वाली वंदे भारत के भी यहां शुक्रवार की सुबह आने की बात कही गई।
तकरीबन एक माह से दिल्ली रूट की तमाम ट्रेनों की रफ्तार पर कोहरे ने अंकुश लगा दिया है। वीआईपी ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस भी लगातार छठे दिन दोपहर 12 बजे के बाद ही पहुंच सकी। हालांकि बुधवार के मुकाबले इसकी लेट लतीफी कम रही। ट्रेन यहां 12.12 बजे पहुंची। इसी तरह रीवा एक्सप्रेस 3.30 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 4.30 घंटे, नई दिल्ली-गया महाबोधि 12.40 घंटे, बीकानेर-प्रयागराज 3.05 घंटे, शिवगंगा एक्सप्रेस 4.30 घंटे, काशी एक्सप्रेस 7 घंटे, चौरीचौरा एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची।