Prayagraj News : तक्षकेश्वर महादेव मंदिर में पूजन करते कैबिनेट मंत्री एके शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार को दरियाबाग स्थित तक्षक तीर्थ बड़ा शिवाला एवं ललिता देवी में दर्शन पूजन किया। उन्होंने अफसरों से कुंभ के कार्यों के बारे में जानकारी भी ली।
एके शर्मा शुक्रवार की रात में ही प्रयागराज आ गए थे। सुबह वह तक्षक तीर्थ बड़ा शिवाला पहुंचे और तक्षकेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने रुद्राभिषेक भी किया। तक्षक तीर्थ पीठाधिश्वर रवि शंकर महाराज ने पूजन कराया। इस दौरान मंदिर के विस्तार एवं रास्ते के चौड़ीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री ने मेलाधिकारी अरविंद चौहान को मंदिर के विस्तार एवं रास्ते का चौड़ीकरण कराने का निर्देश भी दिया।
मंत्री ने मां ललिता देवी एवं पारदेश्वर महादेव का भी दर्शन-पूजन किया। मंत्री ने मंदिर के विस्तार कार्यों की बाबत भी जानकारी ली। इस दौरान मंदिर समिति के हरिमोहन वर्मा, यूसी मिश्रा, दिलीप केसरी, राकेश गुप्ता, सत्यम सिंह आदि मौजूद रहे।
यह मंत्री का निजी दौरा था। हालांकि, मेलाधिकारी अरविंद चौहान, नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग तथा अन्य विभाग के अफसर इस दौरान मंत्री के साथ रहे। मंत्री ने अफसरों से शिवरात्रि स्नान के अलावा महाकुंभ के कार्यों एवं प्रस्तावाें पर चर्चा की।