उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC)
- फोटो : Amar Ujala Graphics
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने वर्ष 2025 का परीक्षा कैलेंडर मंगलवार को जारी कर दिया। इसमें 21 परीक्षाओं को शामिल किया गया है। समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2023 के लिए गठित समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद इस परीक्षा को आरक्षित तिथियों में समायोजित किया जाएगा।
आयोग ने राजकीय विद्यालयों में प्रवक्ता, सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड), खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भर्ती को भी कैलेंडर में शामिल नहीं किया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार संबंधित विभाग/शासन से ई-अधियाचन प्राप्त होते ही आरक्षित तिथियों में इन परीक्षाओं का समायोजन किया जाएगा। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती भी कैलेंडर में शामिल नहीं है।
इस पद पर चयन संबंधी परीक्षा योजना को शासन से मंजूरी मिलने के बाद इसे आरक्षित तिथियों में समायोजित किया जाएगा। महाकुंभ के मद्देनजर आयोग ने जनवरी में कोई परीक्षा प्रस्तावित नहीं की थी। आयोग के कैलेंडर में 16 फरवरी को स्टाफ नर्स यूनानी (पुरुष/महिला) मुख्य परीक्षा-2023 प्रस्तावित है, जो वर्ष 2025 की पहली परीक्षा होगी।