यूपीपीएससी ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग (एलोपैथी) में चिकित्साधिकारी ग्रेड-2 एनेस्थेटिस्ट के 460 पदों पर सीधी भर्ती का चयन परिणाम मंगलवार रात जारी कर दिया। आयोग ने 70 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया है। वहीं, 85 फीसदी पद अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण खाली रह गए।
एनेस्थेटिस्ट के 460 पदों में 112 पद अनारक्षित श्रेणी, 164 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 127 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अनसूचित जनजाति और 46 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित थे। 20, 21 एवं 22 जून को हुए इंटरव्यू के आधार पर आयोग ने 70 अभ्यर्थियों को श्रेष्ठताक्रम के अनुसार चयनित घोषित किया है। सभी चयनित अभ्यर्थी अनारक्षित श्रेणी के हैं।
आयोग के संयुक्त सचिव विनोद कुमार सिंह के अनुसार अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण बाकी पद खाली रह गए। इनके पुनर्विज्ञापन की संस्तुति की गई है। चयन परिणाम में जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे प्रोविजन शब्द अंकित है, उनका चयन औपबंधिक रूप से हुआ है और वांछित अभिलेख प्रस्तुत करने तक चयन औपबंधिक रहेगा।