उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक (एलटी ग्रेड) प्रारंभिक परीक्षा-2025 में अनुचित साधन के साथ एवं नकल करते पकड़े गए चार परीक्षार्थियों का अभ्यर्थन निरस्त करने के साथ उन्हें डिबार भी कर दिया गया है। इस आदेश की प्रति संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं अन्य राज्य आयोगों को भी भेज दी गई है यानि ये दूसरे आयोगों की परीक्षाओं में भी शामिल नहीं हो पाएंगे।
छह दिसंबर को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा में कानपुर के कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर संतोष कुमार नामक अभ्यर्थी के स्थान पर अमर राज सोनकर युवक एग्जाम देते हुए पकड़ा गया था। सात दिसंबर को आयोजित विज्ञान विषय की परीक्षा में कानपुर के ही खालसा गलर्स इंटर कॉलेज केंद्र ऋतु श्रीवास्तव के पास से मोबाइल मिला था।
सात दिसंबर को संस्कृत विषय की परीक्षा में ईश्वर शरण इंटर काॅलेज केंद्र पर रसना सिंह नामक अभ्यर्थी के आधार कार्ड में दूसरे का नाम था। इसी तरह से छह दिसंबर को गणित विषय की परीक्षा में प्रयागराज के ही प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज केंद्र पर प्रवेश कुमार की जगह प्रमोद कुमार पौद्दार नामक युवक एग्जाम देते हुए पकड़ा गया था। इन सभी के खिलाफ संबंधित थानों में उसी दिन एफआईआर लिखाई गई थी।
अब आयोग ने इन चारों परीक्षार्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया है। साथ ही इन्हें आयोग की आगे की भर्ती परीक्षाओं से डिबार कर दिया गया है। आयोग की ओर से बृहस्पतिवार को इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया। साथ ही यूपीएससी एवं अन्य राज्य आयोगों को आदेश की प्रति भेज दी गई है।