यूपी बोर्ड स्क्रूटनी (पुनर्मूल्यांकन) का परिणाम सोमवार को जारी किया जा सकता है। स्क्रूटनी के लिए कुल 31194 आवेदन मिले हैं। परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट हाईस्कूल के 5495 व इंटरमीडिएट के 25699 परीक्षार्थियों ने आवेदन किए थे। स्क्रूटनी के लिए सर्वाधिक 12317 आवेदन यूपी बोर्ड के प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय को मिले थे। इनमें हाईस्कूल के 2316 व इंटरमीडिएट के 10001 अभ्यर्थियों के आवेदन शामिल थे। वहीं, आवेदनों की संख्या के मामले में दूसरे नंबर पर वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय था, जहां हाईस्कूल के 1200 व इंटरमीडिएट के 6133 यानी कुल 7333 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।
मेरठ क्षेत्रीय कार्यालय को मिले कुल 5297 आवेदनों में से हाईस्कूल के 845 व इंटरमीडिएट के 4452, गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय को मिले 3529 में से हाईस्कूल के 583 व इंटरमीडिएट के 2946 और बरेली क्षेत्रीय कार्यालय को मिले 2718 आवेदनों में से हाईस्कूल के 551 व इंटरमीडिएट के 2167 परीक्षार्थियों के आवेदन शामिल थे। ऐसे में 31 हजार से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म हो सकता है।