माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की काॅपियों का मूल्यांकन शनिवार को समाप्त हो गया। मूल्यांकन के दौरान करीब एक लाख 10 हजार परीक्षकों के द्वारा यूपी बोर्ड की दो करोड़ 75 लाख काॅपियों का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन कार्य प्रदेश के 254 केंद्रों पर 18 मार्च से शुरू होकर चार अप्रैल को समाप्त हुआ। इस वर्ष काॅपियों के मूल्यांकन में अलीगढ़ जिले में काॅपियों के परीक्षण के दौरान प्रयागराज जिले के एक स्कूल में सामूहिक नकल कराए जाने के मामले का खुलासा हुआ। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने आदेश दिया था कि जिन काॅपियों में नोट पाए जाएंगे, उनकी जांच नहीं की जाएगी।