एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव में बृहस्पतिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि, उसका दोस्त घायल हो गया। दोनों बाइक से लौट रहे थे तभी बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर जा गिरे, जिनमें से एक की मौत हो गई।
कौशाम्बी जनपद के पिपरी नसीरपुर निवासी रामलोचन (24) पुत्र रामलाल अविवाहित था और चार भाइयों व बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में मां राममनी देवी भी हैं। वह मद्रास में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह एक महीने पहले ही घर लौटा था। वह दोस्त आकाश के साथ किसी काम से राजरूपपुर आया था। रात में दोनों लौट रहे थे तभी पीपलगांव के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छिटककर दूर जा गिरे। सिर पर गहरी चोट लगने से रामलोचन की हालत गंभीर थी। पुलिस दोनों को अस्पताल में ले गई जहां कुछ देर बाद रामलोचन की मौत हो गई। एयरपोर्ट थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।