फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमेश पाल हत्याकांड : मां शांति पाल ने कहा- सीएम योगी पर है भरोसा, खत्म करेंगे अतीक-अशरफ के अपराध का साम्राज्य

Tue, 07 Mar 2023 09:53 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

उमेश पाल हत्याकांड के दूसरे शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान के भी पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उमेश पाल की मां और उनकी पत्नी ने इस कार्रवाई को सही ठहराया है।
विज्ञापन
Prayagraj News : उमेश पाल की मां शांति पाल। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उमेश पाल हत्याकांड के दूसरे शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान के भी पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उमेश पाल की मां और उनकी पत्नी ने इस कार्रवाई को सही ठहराया है। परिजनों का कहना है कि हत्यारों पर इसी तरह की कार्रवाई करनी चाहिए। पूरे परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। अतीक अहमद ने योगी-मोदी को चुनौती दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अतीक-अशरफ के पूरे साम्राज्य को खत्म करेंगे, इसका पूरे परिवार को भरोसा है।

विज्ञापन


उमेश पाल की मां शांति देवी ने दूसरे शूटर के एनकाउंटर में ढेर होने की बात पर संतुष्टि जताई। कहा कि अपराध करने वाले हर अपराधी के साथ ऐसा ही सलूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से समय लेकर उनसे मिलने के लिए जाएंगी। वह मुख्यमंत्री से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाएंगी और अतीक-अशरफ की जड़ पर प्रहार करने की मांग करेंगी ताकि इन दोनों भाइयों के अपराध का साम्राज्य पूरी तरह से खत्म हो सके।

कहा कि पुलिस जिस तरह से अब तेजी दिखा रही है, यही तेजी अगर वह पहले दिखाती तो सभी हत्यारे पुलिस के हत्थे चढ़ गए होते। मां शांति देवी ने बताया कि शूटरों की गिरफ्तारी न होने से परिवार के बाकी लोगों पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है।

विज्ञापन

पत्नी जया पाल ने कहा कि नामजद आरोपियों के नहीं पकड़े जाने से वह और उनके परिवार के लोग दु:खी हैं। लेकिन उन्हें पुलिस और सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह उन्हें न्याय देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके पिता और अभिभावक हैं, वह उनका पूरा सम्मान करती हैं। वह जरूर ऐसा कदम उठाएंगे, जिससे उन्हें और उनके परिवार को सुकून मिल।

सादगी से होगी तेरहवीं, घर के लोग होंगे शामिल

उमेश पाल की तेरहवीं को लेकर मां शांति देवी का कहना है कि तेरहवीं में केवल प्रतीकात्मक तौर पर शांति पाठ की रस्म ही अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब कातिल ही नहीं पकड़े गए तो तेरहवीं करने और लोगों को जुटाने का क्या मतलब है। शांति पाठ में पड़ोसी और रिश्तेदारों को भी नहीं बुलाया जाएगा, इसमें केवल घर के लोग ही शामिल होंगे।

बाजारों में रही चहल-पहल, पुलिस फोर्स भी तैनात

उमेश पाल के घर के करीब के बाजारों में मंगलवार को चहल-पहल दिखी। अधिकतर जगहों पर होली की दुकानें लगी रहीं और लोग खरीदारी करते हुए नजर आए। वहीं इस दौरान उमेश के घर व उनकी गली को जाने वाली सड़क पर सुरक्षाबल भी तैनात रहे।
विज्ञापन

नौ मार्च को उमेश पाल के घर जाएंगे मंत्री एसपी सिंह बघेल

केंद्रीय राज्यमंत्री, विधि एवं न्याय मंत्रालय प्रो एसपी सिंह बघेल बृहस्पतिवार नौ मार्च को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां वह धूमनगंज स्थित उमेश पाल के घर जाएंगे। मंत्री बघेल पिछले सप्ताह भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आए थे। उनका यहां सुबह 10.45 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है। बृहस्पतिवार को ही वह वापस चले जाएंगे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें