अंकित शुक्ला और अनुपम शर्मा। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
बांगड़ चौराहे के पास बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार अंकित शुक्ला (30) और अनुपम शर्मा (32) की मौत हो गई, जबकि अंकित के ममेरा भाई रवि ओझा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। करीब 9:30 बजे तीनों एक बाइक से नैनी जा रहे थे। आशंका है कि डिवाइडर से टकराकर हादसा हुआ है। कीडगंज पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से प्रतापगढ़ के भुपियामऊ निवासी अनुपम और नवाबगंज के नवगवां का पुरा निवासी अंकित एक निजी फार्मा कंपनी में एरिया मैनेजर थे। हादसे में अनुपम और अंकित गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि रवि को मामूली चोटें आईं।
पहले तीनों को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से अंकित और अनुपम को एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, रवि की हालत स्थिर है। कीडगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, अनुपम के माता-पिता कई वर्षों से नैनी में रहते हैं। पिता सत्येंद्र शर्मा रेलवे में टीटीई के पद से सेवानिवृत्त हैं। अनुपम दो भाइयों में बड़ा था। वहीं, अंकित कई साल से शिवकुटी में रहता था।
बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर पहुंचे परिजन
परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही दोनों शव लेकर घर चले गए। परिजन बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार करना चाहते थे। अंकित के परिजन शव लेकर नवाबगंज और अनुपम के घरवाले शव लेकर प्रतापगढ़ रवाना हो गए। बाद में दोनों परिवार अंतिम संस्कार के लिए रसूलाघाट पहुंचे लेकिन तभी परिजनों ने पुलिस से संपर्क साधा और शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा।