सिविल लाइंस में दिल्ली से खरीदारी कर लौटे सराफा दुकान के कर्मचारी का 122 ग्राम सोना चोरी होने के मामले का मंगलवार को खुलासा हो गया। साइकिल से घूम रहे दो चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया था। उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस ने चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया है। साथ ही इसे खरीदने वाले सराफ को भी गिरफ्तार किया है।
रामनगर गंसियारी नेवादा मऊआइमा निवासी रंजीत सोनी सराफ मुकेश खंडेलवाल निवासी श्याम बिहारी गली, चौक प्रतापगढ़ की दुकान पर काम करता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिल्ली से 8.80 लाख का सोना खरीदकर लौटते वक्त 27 अप्रैल की रात 9:30 बजे उसे बेहोश कर बैग से सोना, मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। होश आने पर उसने खुद को फायरब्रिगेड के सामने डिवाइडर पर पड़ा पाया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच सिविल लाइंस चौकी प्रभारी अभयचंद को सौंपी गई। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। पुलिस के मुताबिक फुटेज की पड़ताल से पता चला कि रंजीत घटना वाली रात नशे में था और ढाबे पर खाना खाने के बाद खुद फायरब्रिगेड तक गया। इसके बाद डिवाइडर पर ही बैग रखकर लेट गया। कुछ देर बाद एक युवक आता है और उसे डिवाइडर से नीचे लिटा देता है और चला जाता है। कुछ देर बाद वह अपने एक साथी के साथ आता है और बैग लेकर चला जाता है। थोड़ी देर बाद फिर दोनों आते हैं और बैग वहीं छोड़कर निकल जाते हैं।
पुलिस ने फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की तो पता चला कि दोनों युवक अक्सर रात में बस अड्डे के आसपास टहलते दिख जाते हैं। इसके बाद चौकी प्रभारी व उनकी टीम ने मंगलवार को सटीक मुखबिरी पर रोडवेज बस अड्डे के पास घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें देवराज तिवारी निवासी मऊआइमा और रोहित यादव उर्फ राकेश निवासी कौड़िहार, नवाबगंज शामिल है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी किया गया सोना उन्होंने झूंसी निवासी सोनार पंकज सोनी को बेचा है। इस पर पुलिस ने पंकज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का 114 ग्राम सोना बरामद कर लिया। प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।