Prayagraj News : निरंजन डॉट पुल।
- फोटो : अमर उजाला
निरंजन पुल पर रेलवे की ओर से दो ट्रैक बिछाए जाएंगे। इसके अलावा यहां एक अन्य रेल ट्रैक के लिए जगह भी छोड़ी जाएगी, ताकि भविष्य में अगर यहां एक और रेल ट्रैक बिछाने की जरूरत हो, तो रोड ट्रैफिक का ब्लॉक बेहद सीमित रहे। इस बीच यहां पुल पर बिछाए जाने वाले आरसीसी के स्लैब भी कानपुर में तैयार हो गए हैं। यहां कुल आरसीसी के कुल 21 रेडीमेड स्लैब बिछाए जाने हैं।
निरंजन पुल पर होने वाले कार्य को लेकर प्रयागराज मंडल के एडीआरएम संजय सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय, उप मुख्य अभियंता जे एस तापड़िया, अभियंता अनूप पांडेय ने संवाददाताओं के समक्ष शुक्रवार को रेलवे द्वारा किए जाने वाले कार्य का ब्योरा दिया।
इस पुल से विभिन्न दिशाओं में जा रही अप व डाउन गाड़ियों और यार्ड शंटिंग को समाहित करते हुए हर रोज लगभग 250 ट्रेनें गुजरती हैं। औसतन प्रत्येक छह मिनट में एक ट्रेन एक पुल से गुजरती है। पुल के विस्तारीकरण कार्य के अंतर्गत इसे 12.70 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस पर दो नई लाइन बनेंगी। इसके अलावा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप एक अतिरिक्त लाइन का मार्ग खाली रखा जाएगा।
यह कार्य प्रयागराज यार्ड रिमॉडलिंग के अंतर्गत है। पुल के विस्तारीकरण कार्य में एक करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है। रेलवे के साथ जिला प्रशासन, जलकल विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग एवं बीएसएनएल का भी इसमें समन्वय है। यहां सीवर के जल की निकासी, पेयजल और बिजली की निरंतर उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बना कर कार्य किया जा रहा है। रेलवे का प्रयास है कि तय समय के पहले ही यह कार्य पूरा कर लिया जाए।