कर्नलगंज व करेली में हुए सड़क हादसों में एमआर समेत दो की मौत हो गई। कर्नलगंज में स्कूटी से जा रहे एमआर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उधर, करेली में सामने से आ रही बाइक की टक्कर से युवक की मौत हो गई।
पहली घटना कर्नलगंज में हिंदू हॉस्टल के पास हुई। चित्रकूट के बरगढ़ निवासी अभिषेक सिंह (26) जार्जटाउन के लिडिल रोड में किराये का कमरा लेकर रहता था। वह एक दवा कंपनी में एमआर था। शनिवार रात वह स्कूटी से सिविल लाइंस गया था। वहां से लौटते समय हिंदू हॉस्टल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे एसआरएन ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अविवाहित व दो भाई एवं एक बहन में सबसे बड़ा था। पिता बरगढ़ में क्लीनिक चलाते हैं।
उधर, एयरपोर्ट के शाहा उर्फ पीपलगांव निवासी रामबाबू (40) पुत्र रामलखन प्राइवेट चालक था। वह शनिवार को करेली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। रात में बाइक से लौटते समय करेली के सैदपुर के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार घायल हो गए। रामबाबू को पहले काॅल्विन और फिर एसआरएन ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई।