कैंट थाना क्षेत्र के म्योराबाद चर्च के पास एक मकान में धर्मांतरण कराने के आरोप में कैंट थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में लूकरगंज निवासी आरोपी अनिल थॉमस और पीटर राजू ने बताया कि वह धर्म का प्रचार कर रहे थे। रविवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेेश कर जेल भेज दिया।
विहिप कार्यकर्ताओं को म्योराबाद चर्च के पास एक मकान में काफी लोगों के आने-जाने पर शक हुआ। शनिवार दोपहर विहिप के कार्यकर्ता अमित मिश्रा, शुभम कुशवाहा, विजय पांडे समेत अन्य मकान के पास पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने मकान में चंगाई सभा का आयोजन कर धर्मांतरण का आरोप लगाया तो लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस को बताया गया कि यहां लोगों को धर्मांतरण के लिए लालच दिया जा रहा है। पुलिस ने मकान में मौजूद लोगों को बाहर निकाला। विहिप के कार्यकर्ता अमित मिश्रा की तहरीर पर रविवार सुबह पीटर राजू, जस्सी राजू, अनिल थॉमस व सुम्बा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। कैंट थाना प्रभारी सुनील कुमार कनौजिया ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।