20 मई को संबंधित थाना क्षेत्र के निश्चिन्तपुर गांव में पुरानी रंजिश व जमीनी विवाद में तीन सगे भाइयों की हत्या कर दी गई थी। उक्त हत्याकांड में नामजद कुल 22 आरोपियों में से 13 की गिरफ्तारी हो चुकी थी जबकि 9 को गिरफ्तार नहीं किया जा सका था। पूर्व प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार जायसवाल के निलंबन के बाद पदभार ग्रहण करने वाले नवागत प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अपनी टीम के साथ दो आरोपियों राम सिंह पुत्र शिव नारायण व मान सिंह पुत्र राम कृष्ण उर्फ मुलायम यादव को छडिगड़ा गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी प्रकार लखनपुर हत्याकांड के कुल 40 आरोपियों में से 35 की गिरफ्तारी पूर्व में ही की जा चुकी थी। शेष 5 आरोपियों में से एक नीरज सिंह पुत्र सुद्धन सिंह को लखनपुर गाढ़ा मोड़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि शीघ्र ही शेष अपराधी भी जेल में होंगे।