उमरी गांव का नलकूप संख्या 43 पी और वारी गांव का नलकूप संख्या 41 पी करीब दो माह से बंद है। इससे दोनों गांवों के किसानों के सामने खेतों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी समाधान नहीं कर रहे। वे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। नलकूप विभाग के अवर अभियंता ने बिजली आपूर्ति न होने को कारण बताया। वहीं, बिजली विभाग के अवर अभियंता ने नलकूप की मोटर खराब होने की बात कही। किसान सुरेंद्र बहादुर सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मोटर काफी समय से खराब थी। उन्होंने जल्द नलकूप चालू कराने की मांग की है। क्षेत्र के अवर अभियंता नलकूप रमेश यादव ने बताया कि मोटर ठीक कर दी गई है। अब बिजली कनेक्शन की केबल में समस्या है, जिसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।