प्रयागराज जंक्शन पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
अगले वर्ष की शुरूआत में लगने जा रहे माघ मेले को लेकर इस बार रेलवे विशेष इंतजाम करने जा रहा है। रेलवे द्वारा पहली बार स्पेशल ट्रेनों के दोनों ओर इंजन लगाए जाएंगे। ताकि इंजन रिवर्सल में लगने वाले समय की बचत हो और जिस रूट की तरफ भीड़ हो उसी दिशा में स्पेशल ट्रेन चला दी जाए। इसके अलावा माघ मेला के लिए मेमू ट्रेन के भी काफी रेक मंगवाए जा रहे हैं। क्योंकि मेमू ट्रेन में भी दोनों ओर इंजन रहता है।
वहीं, दूसरी ओर विभिन्न जोनल रेलवे से प्रयागराज में स्पेशल ट्रेनों के रेक पहुंचने शुरू हो गए हैं। अभी दो दिन पहले ही नागपुर से 20 कोच का एक रेक यहां पहुंचा है। इसके अलावा यहां तिरुपति, मछलीपट्टनम, चर्लापल्ली, पुणे, मुंबई से भी स्पेशल ट्रेनों के रेक यहां आ रहे हैं। रविवार से यहां रेक आने शुरू हो जाएंगे। स्पेशल ट्रेन के यह रेक आसपास के स्टेशनों पर खड़े किए जाएंगे।
माघ मेले को लेकर इस बार तमाम इंतजाम महाकुंभ वाले ही किए जा रहे हैं। स्पेशल ट्रेनों में इंजन लगाने के समय में बचत हो इसलिए प्रयास किया जा रहा है कि उसके दोनों तरफ इंजन लगाए जाएं। -अमित कुमार सिंह,पीआरओ प्रयागराज मंडल।