एयरफोर्स डे के मद्देनजर बाइक रैली निकालते वायु सेना का जवान।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रयागराज में आयोजित एयरफोर्स डे का माहौल बनाने के लिए वायु योद्धा शनिवार को शहर की सड़कों पर निकले। आम लोगों तक एयरफोर्स डे के मौके पर होने वाले एयर शो की जानकारी पहुंचे, इसके लिए वायु योद्धाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यह रैली बांध स्थित लेटे हुए हनुमान जी मंदिर तक गई।
बमरौली स्थित मध्य वायु कमान मुख्यालय से मोटर साइकिल रैली को एयर वाइस मार्शल जेएस मान ने हरी झंडी दिखाई। रैली में कुल 35 वायु योद्धाओं ने शिरकत की। जीटी रोड होते रैली सिविल लाइंस पहुंची। यहां वायु योद्धाओं ने स्थानीय लोगों को एयर फोर्स डे के मौके पर होने वाले आयोजन के बारे में लोगों को जानकारी दी।
शहीद चंद्र शेखर आजाद पार्क गेट पर भी लोगों को संगम पर होने वाले एयर डिस्प्ले के बारे में जानकारी दी। इस दौरान आठ अक्तूबर 2023 को अपराह्न ढाई बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम को देखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बता दें कि उक्त कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आना तकरीबन तय है। इसके अलावा पीएम मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।