रामबाग स्टेशन पर आरपीएफ का बड़ा अभियान, आईआरसीटीसी की आड़ में बिक रहा था अवैध पानी। रेलवे
रामबाग रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 304 अमानक पानी की बोतलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6,080 रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक डीएस यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान तीन अवैध वेंडर शुभम शर्मा, छोटू गिरि और अभिषेक राम को पकड़ा गया। पूछताछ और जांच में पता चला कि आरोपी आईआरसीटीसी की आड़ लेकर ट्रेनों में अवैध रूप से पानी बेच रहे थे। इतना ही नहीं, ट्रेन की साइड पैंट्री कार में भी भारी मात्रा में इन अमानक पानी की बोतलों को लोड किया जा रहा था। तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।