प्रयागराज। हाईकोर्ट फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार क्रेटा कार ने फिल्मी स्टाइल में दो गाड़ियों में टक्कर मारते हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में तीरों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि तीनों कार सवार सुरक्षित बच निकले। सभी को हल्की चोटें आईं हैं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के विस्नापुरी कालोनी के रहने वाले पंकज सिंह अपने परिवार की तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत दो अन्य लोगों के साथ कार से सिविल लाइंस के किसी रेस्टोरेंट में खाना खाने जा रहे थे। वह हाईकोर्ट फ्लाईओवर पर पहुंचे ही थे कि पीछे से क्रेटा व वैगनआर कारें आपस में रेसिंग करते हुए पुल पर चढ़ीं। तेज रफ्तार क्रेटा कार बैगनआर में टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर लगने के बाद उनकी कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं वैगनआर के भी बाएं साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद क्रेटा चालक और उसमें बैठे तीन अन्य लोग शीशा तोड़कर बाहर निकले और वहां से भागने लगे। इसके बाद कार चला रहे उसके मामा और राहगीरों ने क्रेटा कार और वैगनआर कार सवार में से तीन लोगों को पकड़कर वहां मौजूद एक सिपाही को सौंप दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद दो लोगों को सिपाही ने छोड़ दिया, जबकि एक को पकड़कर थाने ले जाया गया। हादसे के बाद पंकज के परिवार के सभी लोग डरे- सहमे दिखे। महिलाएं रोती -बिलखती रहीं। गनीमत रही कि इस हादसे में सभी बच गए।
वहीं पकड़े गए युवक ने पूछताछ करने में बताया कि वह कौशाम्बी के मूरतगंज का रहने वाला है। वह अपने चार दोस्तों के साथ वैगनआर कार में बैठा था, जबकि उसके चार दोस्त क्रेटा कार में सवार थे। उसने बताया कि उसके साथ उसके दोस्त रौनक, छोटू के अलावा एक अन्य युवक भी था। वहीं, क्रेटा कार सवार लोगों के बारे में पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया। पुलिस ने क्रेटा कार के अंदर से आरसी बुक निकाला तो पता चाल कि नीम सराय के रहने वाले रौनक केसरवानी के नाम पर क्रेटा कार पंजीकृत है।
इनसेट
तीनाें कारों के शीशे पर लिखा था हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा
प्रयागराज। हादसे के बाद पुल पर लोगों की भीड़ लग गई। बड़ी बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त तीनों कारों के पीछे वाले शीशे पर लिखा था- हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा। वहां मौजूद सभी लोगाें में इस स्लोगन की खूब चर्चा होती रही।
इनसेट
घंटों तक पुल से आवागमन रहा बंद
प्रयागराज। हादसे के बाद फ्लाईओवर के दोनों तरफ से पुलिस ने बैरिकेडिंग करके वाहनों के आवागन को पूरी तरह से बंद करा दिया। घंटों बाद क्षतिग्रस्त कारों को पुल के बीच से साइड में कराकर फिर रास्ते को वाहनों के आवागमन के लिए खोला गया। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त कारों के सभी सवार बच गए हैं। लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। क्रेटा व वैगनआर कार के नंबर के आधार पर पंकज सिंह ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है।