शिक्षा-संस्कृति उत्थान न्यास के तत्वावधान में कुंभ मेले के दौरान आयोजित ज्ञान महाकुंभ में देशभर के डेढ़ हजार से अधिक विद्वान शिरकत करेंगे। 7, 8 और 9 फरवरी को हो रहे आयोजन में देशभर के विश्वविद्यालयों के कुलपति, संस्थाओं के निदेशक, तमाम विषयों के विशेषज्ञ और प्रोफेसर भाग लेंगे।
ज्ञान महाकुंभ का आयोजन गंगा नाथ झा संस्कृत विश्वविद्यालय के सहयोग से शिक्षा उत्थान न्यास की ओर से किया जाएगा। आयोजन की तैयारी को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय में शुक्रवार को एक बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता भारतीय भाषा अभियान के राष्ट्रीय संरक्षक और अपर महाधिवक्ता अशोक मेहता ने की। उन्होंने बताया कि ज्ञान महाकुंभ में नई शिक्षा नीति पर चर्चा होगी इसके साथ ही पर्यावरण, वैदिक गणित, उच्च, माध्यमिक और बेसिक शिक्षा में सुधार को लेकर भी गंभीर मंथन किया जाएगा। बैठक में भारतीय भाषा अभियान काशी प्रांत के संयोजक अजय कुमार मिश्रा, सह संयोजक अनुज त्रिपाठी, उग्रसेन कुमार पांडे, कुलबीर सिंह, अग्निहोत्री कुमार त्रिपाठी, दुर्गेश सिंह समेत अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे।