माघ मेला क्षेत्र के विस्तार को देखते हुए इस बार थानों व चौकियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। फिलहाल एक थाना व तीन चौकियां बढ़ाने की योजना बनाई गई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में माघ मेला की तैयारियों को लेकर हुई अफसरों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। शुक्रवार को ही कार्यभार ग्रहण करने वाले एसएसपी माघ मेला राजीव नारायण मिश्र भी इस बैठक में शामिल हुए।
पुलिस आयुक्त रमित शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तीनों जोन के डीसीपी के अलावा अन्य अफसर मौजूद रहे। इस दौरान सबसे पहले जल पुलिस, रेडियो संचार, यातायात व अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। यह चर्चा हुई कि इस बार मेला क्षेत्र विस्तारित होना है, ऐसे में थानों व चौकियाें की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। फिलहाल एक थाना व तीन चौकियां बढ़ाए जाने की योजना बनाई गई है।
सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो इस बार 14 थाने व 41 चौकियां स्थापित की जाएंगी। पिछले साल 13 थाने व 38 चौकियां बनाई गई थीं। उधर बैठक से पहले एसएसपी माघ मेला डीआईजी राजीव नारायण मिश्र ने शहर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। वह पहले भी यहां माघ मेला पुलिस प्रभारी के रूप में तैनात रहते हुए मेले को सकुशल संपन्न करा चुके हैं।
जल्द शुरू होगा फोर्स का आगमन
बैठक में बताया गया कि जल्द ही मेला ड्यूटी के के लिए अलग-अलग जनपदों से फोर्स का आगमन शुरू हो जाएगा। इसके तीन चरण होंगे। 20 दिसंबर तक 20 फीसदी फोर्स पहुंच जाएगी और इसके बाद से ही मेला ड्यूटी के दौरान आचरण, व्यवहार को लेकर उनका प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। अगले चरण यानी 25 दिसंबर तक 40 फीसदी फोर्स और तीसरे चरण यानी 31 दिसंबर तक समस्त फोर्स पहुंच जाएगी।