मीरगंज। सहकारी गन्ना विकास समिति में डेलीगेट पद पर चुनाव के लिए चल रही प्रक्रिया में जानबूझकर नामांकन खारिज करने का आरोप लगाकर लोग शनिवार को तहसील गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने एसडीएम पर सत्तापक्ष के इशारे पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। एसडीएम ने आरोपों को निराधार बताया है।
क्षेत्र में 183 गांवों से 296 डेलीगेट चुने जाते हैं। इसके लिए 506 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। जांच में 296 नामांकन ही वैध मिले। सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने को लेकर लोगों ने विरोध कर दिया। उनका कहना था कि सत्तापक्ष के इशारे पर यह खेल किया गया है। सिर्फ उन्हीं उम्मीदवारों के परचे वैध किए गए जिन्हें चुनाव जिताना था। उन्होंने एसडीएम तृप्ति गुप्ता पर धांधली का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने तहसील के दोनों गेट बंद कर दिए। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। विधायक और एसडीएम मुर्दाबाद के नारे लगाए। हंगामे की सूचना पर सीओ मीरगंज गौरव सिंह और प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ तोमर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझाने का प्रयास किया मगर प्रदर्शनकारी नहीं माने।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक पारदर्शी तरीके से चुनाव नहीं कराया जाता हम धरने से नहीं उठेंगे। देर शाम तक प्रदर्शनकारी तहसील के बाहर डटे हुए थे। प्रदर्शन करने वालों में चौधरी सुरेंद्र सिंह, राहुल गंगवार, प्रेमपाल, उमेश चंद्र, मूलचंद, सूर्य प्रकाश आदि शामिल रहे।
कुछ लोगों के नामांकन में नाम और प्रस्तावक गलत थे। इस कारण परचा खारिज कर दिया गया। दावेदार एक-एक कर कार्यालय आकर परचा खारिज होने का कारण जान सकते हैं। - तृप्ति गुप्ता, एसडीएम
तहसील आने वाले लोग हुए परेशान
जरूरी काम से तहसील आने वाले लोगों को भी प्रदर्शन के चलते परेशान होना पड़ा। दोनों गेट पर जमा प्रदर्शनकारियों ने उन्हें अंदर ही नहीं जाने दिया। यहां काम करने वाले कर्मचारी भी परेशान हुए।
-
चुनाव में धांधली का आरोप, डीएम से शिकायत
बहेड़ी। सहकारी गन्ना समिति भुड़िया के चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाकर पीलीभीत के अमरिया के किसानों ने डीएम से शिकायत की है।उन्होंने बताया कि उनका गांव मुगलाखेड़ा बहेड़ी तहसील की गन्ना विकास समिति भुड़िया से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता प्रेमशंकर व कांता प्रसाद ने बताया कि जानबूझकर उनका नामांकन खारिज कर दिया गया। उन्होंने जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। संवाद