कुंभ के दौरान थानों में भी प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। इस बाबत शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रस्ताव के मुताबिक, प्रयागराज आने वाले अलग-अलग रूटों पर 21 थानों में मेडिकल कक्ष बनाने की योजना है।
कुंभ में देश भर से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। मेला क्षेत्र में तो चिकित्सा व्यवस्था रहती है लेकिन रास्ते में किसी आपात स्थिति में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को अस्पताल, क्लीनिक ढूंढ़ने या पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ती है। इसी को देखते हुए पुलिस की ओर से यह प्रस्ताव बनाया गया कि प्रयागराज आने वाले अलग-अलग रूट पर स्थित थानों में मेडिकल कक्ष बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार मिल सके। इस कक्ष में एक डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की जाएगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर थानों में अलग से मेडिकल कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। डीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि प्रस्ताव भेजा गया है, जिस पर अभी निर्णय होना बाकी है।
अन्य जनपदों में भी सुविधा, 21 थानों के लिए मंजूरी
थानों में मेडिकल कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराने की याेजना न सिर्फ प्रयागराज बल्कि आसपास के जनपदों के लिए भी बनाई गई है। जोन पुलिस कार्यालय की ओर से इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इनमें से 19 थानों में मेडिकल कक्ष बनाए जाने को मंजूरी मिल गई है। यह सभी गैरजनपदों के थाने हैं जो प्रयागराज आने वाले रूट पर स्थित हैं।