थाना क्षेत्र के माधोपुर चांधन उर्फ घाटमपुर में बीती रात एक किसान तथा रिटायर्ड रोडवेज कर्मी रामनरेश पाल के कमरे का ताला तोड़कर चोर नकदी, मोबाइल व अन्य सामान उठा ले गए। विरोध करने पर चोरों ने किसान पर चापड़ से हमला किया। शोर मचाने पर चोर भाग गए। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात परिजन खाना खाकर अलग-अलग कमरे में सो गए। देर रात चोर एक कमरे का ताला तोड़कर पांच हजार रुपए नकद, मोबाइल तथा अन्य सामान चोरी करने के बाद दूसरे कमरे में पहुंचे जहां रामनरेश सो रहे थे। चोर पलंग के पास रखे बॉक्स का ताला तोड़ने लगे तभी उनकी नींद खुल गई। कुत्ता समझकर वह डांटते हुए जैसे कमरे से बाहर निकले चोरों ने अचानक उनपर चपाड़ से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पीआरबी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस तहकीकात कर वापस लौट गई। पीड़ित ने नवाबगंज पुलिस को तहरीर दी।