प्रयागराज। सराय इनायत थाना क्षेत्र के मुसहा दलापुर गांव में दो दिसंबर को शादी से एक दिन पहले ही युवती की हत्या में वांछित जीजा ताराचंद ने शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई।
मुसहा दलापुर गांव में एक युवती की तीन दिसंबर को शादी थी। शनिवार की रात वह लापता हो गई। रविवार तड़के उसका शव घर से आधा किलोमीटर दूर बरईपुर गांव में मिला। उसे बुरी तरह से पीटकर मारा गया था। परिजनों ने लड़की के जीजा ताराचंद को इस मामले में नामजद किया था। घर वालों ने बताया कि ताराचंद ने धमकी दी थी कि लड़की की कहीं शादी तय की तो उसे मार देंगे। पुलिस ताराचंद की तलाश में जुटी थी लेकिन वह फरार हो गया था। शनिवार को पता चला कि उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा।