जार्जटाउन के सोहबतियाबाग में हाईकोर्ट जज के कर्मचारी संजय ठाकुर का मोबाइल छीन लिया गया। बाइकसवार दो बदमाश उनका माेबाइल छीनकर भाग निकले। पुलिस घंटों तलाश में जुटी रही लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।
संजय ठाकुर झूंसी में कृष्णा नगर वार्ड नंबर 17 में रहते हैं। वह हाईकोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि छह जनवरी को वह जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता के आवास से अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद घर जा रहे थे। वह ई रिक्शा से चुंगी तक जाते और इसके बाद किसी अन्य साधन से झूंसी जाना था।
वह ई रिक्शा से सोहबतियाबाग डॉट पुल के पास स्थित साई मंदिर के सामने पहुंचे थे, तभी बाइकसवार दो बदमाश आ धमके। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने उनके हाथ से माेबाइल छीन लिया और फिर अपने साथी समेत भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंची और बदमाशों की तलाश में जुट गई। देर रात तक कवायद चलती रही लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जार्जटाउन एसओ राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो