आभूषण की दुकान बंद कर घर जा रहे एक सराफा व्यवसायी को बाइक सवार बदमाशों ने रॉड और तमंचे के बट से घायल कर लूट लिया। व्यवसायी के पास से लाखों रुपये नगद और आभूषण लेकर बदमाश भाग निकले। लूट की जानकारी के बाद सनसनी मच गई। घायल आभूषण व्यवसाय को अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी गंगानगर एवं एसीपी थरवई मौके पर पहुंच गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। थरवई कछियान निवासी सौरभ सोनी पुत्र शिवाकांत सोनी की थरवई कस्बे में सौरभ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वह रविवार की शाम लगभग 7:30 बजे दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जा रहा था। फाटक बंद होने के कारण वह रुक गया। पीछे से पहुंचे दो बाइक पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे की बट से मारकर सौरभ सोनी को घायल कर दिया और उसका बैग लेकर फाफामऊ की ओर भाग गए।
बताते हैं कि बैग में 1 लाख 80 हजार रुपया नगद एवं हजारों रुपये का आभूषण था। सूचना पाकर सौरभ सोनी के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए फाफामऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लूट के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फाफामऊ की तरफ भाग निकले। चिकित्सक के अनुसार उसे सिर एवं सीने में चोट लगी है। जानकारी के बाद पुलिस एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रहे हैं। अभी तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।