काशी तमिल संगमम के लिए रेल प्रशासन ने कोयंबटूर और बनारस के बीच एक फेरा विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के रास्ते इसका संचालन होगा। गाड़ी संख्या 06053 कोयंबटूर से शनिवार पांच दिसंबर को शाम छह बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोमवार सात दिसंबर को दोपहर तीन बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद 3:05 बजे रवाना होकर रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 06054 बनारस से शुक्रवार 11 दिसंबर रात 10:30 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन 12 दिसंबर को भोर में 2:45 बजे प्रयागराज छिवकी आएगी और 2:50 बजे आगे के लिए रवाना होगी। मानिकपुर, सतना, जबलपुर, गोंदिया, विजयवाड़ा, पेरम्बूर और सेलम सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए चौथे दिन देर रात एक बजे कोयंबटूर पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस 20 कोच वाली स्पेशल ट्रेन में एसी तृतीय श्रेणी के पांच, एसी तृतीय इकोनॉमी के दस, शयनयान श्रेणी के तीन और जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच लगाए जाएंगे।