एसआरएन अस्पताल परिसर में अस्पताल प्रशासन की तरफ से नई पुलिस चौकी का निर्माण कराया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के साथ ही जिले की यह सबसे बड़ी पुलिस चौकी होगी। इस चौकी के निर्माण पर करीब 70 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। यह चौकी मार्च तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी।
एसआरएन अस्पताल परिसर में प्रयागराज के अलावा आसपास के कई जिलों से भी प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं। मरीजों के सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब 15 साल पहले परिसर में पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया था। पुलिस चौकी के जर्जर होने के कारण अस्पताल प्रशासन की तरफ से नई चौकी का निर्माण कराया जा रहा है। अस्पताल के उप अधीक्षक और प्रभारी अधिकारी भवन- भूमि गौतम त्रिपाठी ने बताया कि यह पुलिस चौकी जिले की सबसे बड़ी पुलिस चौकी होगी।
इसके साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। पुलिस चौकी का भवन दो मंजिल का बनाया गया है। इसमें पुलिस कर्मियों के लिए एक ऑफिस, एक स्मार्ट कंट्रोल रूम, आगंतुक कक्ष, चौकी इंचार्ज विश्राम कक्ष, सिपाहियों के रहने के लिए बैरक, मेस, शौचालय व स्नानागार की व्यवस्था की होगी। चौकी का 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मार्च महीने तक यह पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगी। कोतवाली इंस्पेक्टर रोहित तिवारी ने बताया कि नई पुलिस चौकी बनने से वहां पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को एक नई ऊर्जा मिलेगी। अब उन्हें खाने, नहाने व सोने के लिए दूसरी जगह नहीं जाना पड़ेगा। इसके वजह से अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों की समस्या को तत्काल सुलझाया जा सकेगा।