धूमनगंज का मामला, लंबे समय समय से कर रहा था दरिंदगी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। धूमनगंज में स्कूल के शिक्षक ने ही 12वीं की छात्रा को डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। दो दिन पहले मां व दादी को पता चला तो वह छात्रा को लेकर थाने पहुंची। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आराेपी पर उसकी पत्नी भी अप्राकृतिक दुष्कर्म व मारपीट का मुकदमा दर्ज करा चुकी है।
छात्रा धूमनगंज क्षेत्र की रहने वाली है और झलवा स्थित स्कूल में पढ़ती है। स्कूल में ही अनिरुद्ध प्रताप सिंह मूल निवासी महाखेड़ा, ललौली जनपद फतेहपुर व वर्तमान पता गोविंद नगर कॉलोनी चकिया शिक्षक है। वह छात्रा को ट्यूशन पढ़ाने उसके घर भी जाता था। परिजनों का आरोप है कि वह ट्यूशन पढ़ाने के बहाने अलग कमरे में ले जाकर उनकी बेटी को डरा-धमकाकर दुष्कर्म करता रहा।
शिकायत पर पूरे परिवार को जान से मारने व कॅरिअर खराब करने और बदनाम करने की धमकी देता था। दो दिन पहले भी ट्यूशन पढ़ाने आने के दौरान उसने यही हरकत की। इस दौरान छात्रा की दादी व मां पहुंच गईं। आरोपी भाग निकला। पूछने पर बेटी ने रोते हुए आपबीती बयां की जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली और सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। धूमनगंज प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि आरोपी पर दो साल पहले उसकी सिपाही पत्नी भी मुकदमा दर्ज करा चुकी है। दोनों का तलाक हो चुका है।