निगम और एक्सिस बैंक के बीच हुआ समझौता, भवन स्वामियों को जल्द मिलेगा क्यूआर कोड
तीन लाख से अधिक शहरी घर बैठे क्यूआर कोड के माध्यम से गृह, जल और सीवर कर जमा कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम ने एक्सिस बैंक के साथ समझौता किया है। जल्द ही भवन स्वामियों को बैंक क्यूआर कोड मुहैया कराएगा।
नगर निगम में (विस्तार से पहले) 2.35 लाख भवन स्वामी हैं लेकिन इनमें से सिर्फ 1.65 लाख ही गृहकर जमा करते हैं। यह संख्या भी दो साल में बढ़ी है। हर भवन स्वामी को कर के दायरे में लाने और टैक्स जमा करने की प्रक्रिया को आसान के लिए यह पहल निगम की ओर से की गई है। कर जमा करने की पूरी प्रक्रिया पहले ही ऑनलाइन है। लेकिन गलत बिल आने की खामियां उजागर हुईं तो इन्हें दूर करने की कवायद भी शुरू की गई।
इसके तहत निगम की ओर से भवन स्वामियों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। क्यूआर कोड बैंक की ओर से जारी किया जाएगा। जिससे लोग घर बैठे ही कर जमा कर सकेंगे। इसके माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना को भी जोड़ने की तैयारी है।
नगर निगम की ओर से मुख्य लेखा एवं वित्त नियंत्रक राजकुमार शर्मा व बैंक के संदीप त्रिपाठी और विश्वजीत ने समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। राजकुमार शर्मा ने बताया कि बैंक के साथ समझौता हुआ है। शहरियों को जल्द ही बैंक की ओर से क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जाएंगे।
विस्तारित क्षेत्रों में भी 65 हजार को देना होगा गृहकर
- विस्तारित क्षेत्र के 65 हजार भवन स्वामियों से भी गृहकर लिया जाएगा। विस्तारित क्षेत्र में सवा लाख से अधिक भवन हैं। वर्तमान में जहां सड़क, नाली व स्ट्रीट लाइट की सुविधाएं पहुंच गई हैं उनसे कर लिया जाएगा। उनकी संख्या 65 हजार बताई जा रही है। निगम के सर्वे में भवनों का मूल्यांकन हो चुका है। इसी महीने से गृहकर का बिल भेजने की तैयारी है। अन्य क्षेत्रों में अगले एक से दो वर्ष में गृहकर लेने की तैयारी है।