वायुसेना स्टेशन बमरौली की सुरक्षा को लेकर शनिवार देर रात गंभीर मामला सामने आया। एयरपोर्ट रोड से सटी वायुसेना स्टेशन की परिधि सीमा दीवार के ऊपर संदिग्ध ड्रोन उड़ता देखा गया। 70 मिनट के भीतर ड्रोन चार अलग-अलग समय पर नजर आया। स्टेशन सुरक्षा अधिकारी विंग कमांडर विकास वैभव ने एयरपोर्ट थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
विंग कमांडर के मुताबिक शनिवार रात 1:28, 2:00, 2:10 और 2:38 बजे वायुसेना स्टेशन की परिधि सीमा दीवार के ऊपर ड्रोन उड़ता दिखाई दिया। ड्रोन कहां से आया और उसे कौन संचालित कर रहा था, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। वायुसेना ने पुलिस से जांच कर ड्रोन का संचालन करने वाले का पता लगाने व उसके खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है।
शिकायत में गृह मंत्रालय की एसओपी और ड्रोन नियम-2021 का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया कि वायुसेना के हवाई ठिकानों की परिधि से तीन किमी तक का क्षेत्र ड्रोन संचालन के लिए प्रतिबंधित है। इस क्षेत्र में ड्रोन के संचालन के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकरण से पूर्व अनुमति आवश्यक होती है।
फुटेज से ऑपरेटर तक पहुंचने का प्रयास
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन किस दिशा से आया था, उसे कहां से संचालित किया जा रहा था। इसे उड़ाने वाला व्यक्ति कौन था। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद ली जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता ने बताया कि ड्रोन उड़ाने वाले की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।