सोहबतियाबाग के जवाहरलाल नेहरू रोड स्थित दर्जनों घरों में दो दिनों से गंदा एवं बदबूदार पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। नाले से गुजर रही पाइपलाइन में लीकेज हो गई है। इससे बीमारी फैलने की भी आशंका बन गई है। लोगों की शिकायत पर सोमवार को नाला साफ किए जाने के बाद कुछ राहत मिली, लेकिन लीकेज अभी ठीक नहीं हुआ है।
क्षेत्र में पूर्व में भी इसी तरह से नलों से गंदा पानी आने की शिकायत हुई थी। मोहल्ले के मनोज कुमार एवं यशवंत सिंह का कहना था कि नाला साफ कराने के बाद समस्या कुछ हद दूर हो गई थी लेकिन विगत दिनों से फिर गंदा पानी आ रहा है। धीरेंद्र ने बताया कि सोमवार को तो मटमैला एवं बदबूदार पानी आपूर्ति होने लगी। लोगों ने पार्षद शिवसेवक सिंह से संपर्क करने के साथ इसकी शिकायत जलकल में भी की। इसके बाद दो गाड़ियों से नाले की सफाई कराई गई। इसके बाद जांच में पता चला कि सीवर के चैंबर से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन में लीकेज है। जब नाला ओवरफ्लो करने लगता है तो उसी लीकेज से गंदा पानी नलों में पहुंच जाता है।
जलकल की टीम ने शाम तक नाले की सफाई कर दी। इसके बाद गंदे पानी की आपूर्ति से राहत की बात की जा रही है। हालांकि, लीकेज ठीक नहीं हुआ है। अफसरों ने बुधवार को लीकेज पूरी तरह ठीक करने का आश्वासन दिया।