हमीरपुर में तैनात दरोगा गुरुबचन सिंह की पत्नी रेनू सिंह (50) की शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। कैंट थाना क्षेत्र के बहुगुणा मार्केट के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के समय वह अपनी बेटी के साथ सत्संग सुनने जा रही थीं। पुलिस ने बेटी श्रृष्टि की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
खुल्दाबाद के बेनीगंज निवासी रेनू सिंह अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके पति गुरुबचन सिंह हमीरपुर में दरोगा के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे रेनू सिंह अपनी बेटी सृष्टि के साथ स्कूटी से सत्संग में शामिल होने के लिए निकली थीं। जैसे ही उनकी स्कूटी बहुगुणा मार्केट के पास पहुंची तो तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटी सड़क पर गिर गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रेनू सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि बेटी सृष्टि को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। बहरहाल, पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मृतका रेनू की बेटी सृष्टि की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।