प्रयागराज। पूर्व सांसद स्वर्गीय कमला बहुगुणा के जन्म शताब्दी समारोह पर आदमकद कांस्य प्रतिमा लगाई जाएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 30 दिसंबर को इसका अनावरण करेंगी। इसके पहले बनारस हिंदू विवि और अलीगढ़ मुस्लिम विवि समेत यूपी और उत्तराखंड के कई विश्वविद्यालयों में 15 से 30 अक्तूबर तक वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी।
सोमवार को कमला बहुगुणा की बेटी व पूर्व सांसद डाॅ. रीता बहुगुणा जोशी ने पत्रकारों को बताया कि न्याय मार्ग स्थित बहुगुणा मार्केट में यह प्रतिमा लगेगी। मार्केट के ही पास डॉ. रीता जोशी के भाई शेखर बहुगुणा भी रहते हैं।
बकौल डॉ. जोशी, अखिल भारतीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति यूपी व उत्तराखंड के 40 विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘क्या भारत में महिलाओं को आरक्षण देने से वास्तविक समानता हासिल की जा सकती है’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता कराएगी।
शहर में यह प्रतियोगिता 25 अक्तूबर को यूनाइटेड यूनिवर्सिटी, एडीसी, सीएमपी, एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होगी, जबकि हेमवती नंदन बहुगुणा पीजी कॉलेज और ठाकुर हरनारायण डिग्री कॉलेज में 28 अक्तूबर को।
लखनऊ में नवंबर के दूसरे सप्ताह में प्रतियोगिता का फाइनल होगा, जहां प्रथम पुरस्कार विजेता को 51 हजार, द्वितीय को 31 और तृतीय स्थान पर आने वाले को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे। डाॅ. जोशी ने बताया कि कमला बहुगुणा पर कवि कुमार विश्वास की टीम ने एक गीत भी लयबद्ध किया है, जिसे जल्द रिलीज किया जाएगा।
-
खेद है... इविवि ने नहीं दी कार्यक्रम की अनुमति : डॉ. रीता
डॉ. जोशी ने कहा कि मां 1942 में इविवि की छात्रा रही थीं। भारत छोड़ो आंदोलन के उस जुलूस की अगली पंक्ति में भी वह शामिल थीं, जिसमें लाल पद्मधर शहीद हुए। खेद है कि इविवि ने उनके लिए भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। यही नहीं, मैंने तीन पत्र लिखे, लेकिन किसी का जवाब कुलपति या रजिस्ट्रार ने नहीं दिया। अब यह कार्यक्रम राजर्षि टंडन सेवा केंद्र में 28 अक्तूबर को होगा।