प्रयागराज। बरेली में गायब हुए सेना के जवान के मामले में मंगलवार को हाईकोर्ट ने सुनवाई की। मामले में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तलब किया गया था लेकिन, उनकी जगह पर बरेली के एसपी सिटी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने मामले में जांच प्रगति रिपोर्ट जानी। सरकार का पक्ष रखते हुए अपर शासकीय अधिवक्ता सैयद अली मुर्तजबा ने मामले की अग्रिम विवेचना रिपोर्ट प्रस्तुत की। लापता जवान उपदेश सिंह के पत्र पर स्वत: योजित याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पूछा कि आखिर कब तक जवान का पता चलेगा। सरकारी अधिवक्ता ने कहा कि जांच चल रही है। कुछ सुराग मिले हैं। लापता जवान का जल्दी ही पता लगा लिया जाएगा। मामले की सुनवाई बुधवार को भी होगी।