इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शाइन सिटी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में पांच साल से अधिक समय से जेल में बंद कंपनी कर्मचारी आसिफ नसीम को जमानत दे दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति कृष्ण पहल ने दिया।
वाराणसी के कैंट थाने में वर्ष 2020 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें याची के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश करने के आरोप लगाया गया है। याची ने जमानत के लिए हाईकोर्ट में अर्जी दायर की। याची अधिवक्ता ने दलील दी कि उसे झूठा फंसाया गया है। उसका कथित अपराध से कोई सीधा संबंध नहीं है और वह केवल कंपनी में कर्मचारी था। यह चेक बाउंस से संबंधित विवाद है जिसे आपराधिक मुकदमे का रूप दे दिया गया।
अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि मामले का मुख्य आरोपी राशिद नसीम फरार है। कंपनी के कामकाज से जुड़े इसी तरह के 527 मुकदमे याची के खिलाफ दर्ज हैं। वह एक नवंबर 2021 से जेल में बंद है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने सशर्त जमानत दे दी। वाराणसी के कैंट थाने में धोखाधड़ी व अन्य आरोप में दर्ज एक अन्य प्राथमिकी में भी आरोपी आसिफ को जमानत मिल गई है।