बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे की शादी का निमंत्रण माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को भेजा है। सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेजी से वायरल हो रही है। जब इसे लेकर सवाल उठने लगे तो बसपा के जिलाध्यक्ष टीएन जैसल को स्पष्ट करना पड़ा कि यह मात्र अफवाह है। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।
उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को पुलिस ने फरार घोषित कर रखा है। पुलिस ने शाइस्ता पर इनाम भी रखा है। बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे की शादी होने वाली है। पिछले दिनों बसपा ने शाइस्ता परवीन को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया था। शाइस्ता अब भी बसपा में हैं। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैल रही है कि मायावती ने शाइस्ता को शादी में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा है।
सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल होने के बाद कुछ राजनैतिक दलों ने आरोप लगाए हैं कि बसपा और माफिया के बीच पुराना नाता रहा है। अगर ऐसा न होता तो जिसे पुलिस ने फरार घोषित किया है, उसे निमंत्रण क्यों भेजा गया। उधर, बसपा के जिलाध्यक्ष टीएन जैसल का कहना है कि यह सिर्फ अफवाह है। निमंत्रण पत्र मंडल के पदाधिकारियों और चारों जिलाध्यक्षों को भेजा गया है। यहां तक कि जिला स्तर के अन्य पदाधिकारियों और पूर्व विधायकों को भी निमंत्रण नहीं मिला है।