जार्जटाउन में लिडिल रोड का सीवर पूरी तरह से चोक हो गया है। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे वहां जलभराव की स्थिति है। आवागमन तो प्रभावित है ही, दुर्गंध की वजह से बीमारी का भी खतरा बन गया है।
नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान यह स्थिति देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने नाले एवं क्षेत्र की सफाई कराने के निर्देश दिए। उनके आदेश के बाद पंप लगाकर सीवर की सफाई शुरू की गई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए नगर आयुक्त ने भरद्वाज आश्रम एवं पार्क का भी निरीक्षण किया। वहां भी खामियां पाई गईं। आश्रम गेट पर मलबा पड़ा था। अवैध तरीके से होर्डिंग होने के साथ अतिक्रमण भी था। जलकल विभाग के कार्यालय की दीवार तथा सड़क भी जर्जर थी। इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल सफाई कराने, अतिक्रमण एवं अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलकल कार्यालय की दीवार की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।
अक्षयवट पहुंचे नगर आयुक्त ने झाड़ियां तथा अन्य गंदगी हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान नैनी स्टेशन, सरगम सिनेमा हाल से छिवकी के बीच आदि स्थानों पर भी कचरा, मलबा एवं नाली से निकले सिल्ट आदि गंदगी पाई गई। इस पर भी नगर आयुक्त ने अफसरों को फटकार लगाई तथा जल्द से जल्द सफाई कराने के निर्देश दिए।
वहां पीडीए काम करा रहा है। नगर आयुक्त ने पीडीए के अफसरों से भी मलबा हटवाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त अरैल घाट, वेनीमाधव मंदिर आदि स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा जरूरी निर्देश दिए।
झूंंसी में 5.80 लाख के कार्यों का हुआ शिलान्यास-लोकार्पण
महापौर गणेश केसरवानी ने बृहस्पतिवार को झूंसी के सोनौटी, कटका एवं आजाद नगर वार्ड में 5.80 लाख रुपये की लागत वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। महापौर ने कहा कि विस्तारित क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता में है। इस दौरान पार्षद कन्हैया लाल, बबीता, सुमित निषाद आदि मौजूद रहे। ब्यूरो